GA4-314340326 एग्री जंक्शन: 6 पंचायतों के 50 किसानों को मिले दलहन के बीज, मड़ुआ उगाने पर प्रोत्साहन राशि देगी सरकार

एग्री जंक्शन: 6 पंचायतों के 50 किसानों को मिले दलहन के बीज, मड़ुआ उगाने पर प्रोत्साहन राशि देगी सरकार

किसान को दलहन बीज वितरित करते अतिथि
angara(ranchi)| अनगड़ा प्रखंड के गेतलसूद पंचायत सचिवालय में गुरुवार को किसानों के लिए उन्नत किस्म के दलहन बीज वितरण और कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रखंड की 6 पंचायतों (गेतलसूद, सिरका, हेसातू, हरातू, बीसा व कुच्चू) के 50 किसानों के बीच अरहर और उड़द के बीजों का वितरण किया गया।  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा, प्रमुख दीपा उरांव और गेतलसूद मुखिया शांति मुंडा उपस्थित थे। 

अतिथियों के संदेश: परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक अपनाएं किसान

जिप सदस्य अनुराधा मुंडा ने कहा: "गुणवत्तापूर्ण बीज और सही तकनीक से खेती की जाए तो कम लागत में भी किसान दोगुनी कमाई कर सकते हैं। सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ हर छोटे-बड़े किसान तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।"  

जिप सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा ने कहा: "पारंपरिक फसलों के साथ-साथ अब किसानों को दलहन और मोटे अनाजों (मिलेट्स) पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इससे न केवल जमीन की उर्वरता बढ़ेगी, बल्कि सेहत और जेब दोनों को फायदा होगा।"  

प्रखंड प्रमुख दीपा उरांव ने कहा: "मड़ुआ और अन्य मिलेट्स स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हैं। इनकी खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रोत्साहन राशि दे रही है। क्षेत्र के किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर इन व्यापारिक फसलों का रकबा बढ़ाएं।"  

प्रति किसान 4 किग्रा बीज, आधुनिक खेती के गुर भी सिखाए 

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक चिन्हित किसान को 4-4 किलोग्राम दलहन (अरहर व उड़द) का उन्नत बीज दिया गया। कृषि विशेषज्ञों (बीटीएम बिंदू कुजूर) ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से बुआई और फसल सुरक्षा के टिप्स दिए।  इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामसाय मुंडा, बीटीएम बिंदू कुजूर, पहलू बेदिया, कृषक मित्र असकर बेदिया, नागेश्वर महतो, गौरीशंकर मुंडा, कुच्चू मुखिया सहदेव बेदिया, बीसा मुखिया मंजोती देवी और कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष एतवा उरांव सहित कई किसान व गणमान्य लोग मौजूद थे।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने