गिरिडीह : गिरिडीह जिला के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र का मनसाडीह ओपी एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार ओपी के एएसआई (ASI) घनश्याम हेम्ब्रम पर रात के अंधेरे में गांव में घुसकर एक आदिवासी युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को पारंपरिक पारंपरिक हथियार (तीर-धनुष) और डुगडुगी-मांदर के साथ सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिस की पिटाई का निशान दिखाता युवक।
जानिए क्या है पूरा मामला
पीड़ित तिलकमारन गांव निवासी प्रकाश मुर्मू ने आपबीती सुनाते हुए कहा- शनिवार रात मैं घर आए मेहमानों के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम वहां पहुंचे और किसी का घर पूछने लगे। जब मैंने असमर्थता जताई, तो वे गाली-गलौज पर उतर आए और मारपीट शुरू कर दी।प्रकाश की पत्नी रीना हेम्ब्रम ने भी पुलिस अधिकारी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि कुछ देर बाद 8-10 वर्दीधारी पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उसे जबरन ओपी (आउटपोस्ट) ले जाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, स्थानीय महिलाओं के भारी विरोध के आगे पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा।
ASI ने आरोपों को नकारा
दूसरी ओर, आरोपी एएसआई घनश्याम हेम्ब्रम ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि वे एक गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में जांच करने गए थे। पूछताछ के दौरान प्रकाश मुर्मू ने ही उनके साथ बदसलूकी और हाथापाई की।
![]() |
| विरोध में तीर-धनुष लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। |
सड़क पर उतरे ग्रामीण, SP से कार्रवाई की मांग
घटना से नाराज दर्जनों आदिवासी महिला-पुरुष रविवार को तिलकमारन टावर के पास एकत्रित हुए। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक (SP) के नाम एक आवेदन तैयार कर आरोपी एएसआई को तत्काल निलंबित (लाइन क्लोज) या ट्रांसफर करने की मांग की है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि वर्दी की आड़ में आदिवासियों पर जुल्म बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
SDPO ने संभाली कमान, जांच शुरू
मामले के तूल पकड़ते ही खोरीमहुआ एसडीपीओ (SDPO) अमरेंद्र कुमार रविवार को खुद तिलकमारन गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। एसडीपीओ ने कहा- ओपी प्रभारी से शिकायत मिलने के बाद मैं स्थिति का जायजा लेने आया हूं। मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट एसपी को भेजी जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी एएसआई पर लाइन क्लोज या ट्रांसफर की कार्रवाई की जाएगी।
विवादों से पुराना नाता और राजनीतिक प्रतिक्रिया
मनसाडीह ओपी का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी यहां के पुलिसकर्मियों पर आम जनता के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगते रहे हैं और कार्रवाई भी हुई है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इस मामले पर भाजपा नेता सुनील साव ने कहा कि कानून के रखवालों को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं है। वर्दी की आड़ में गुंडागर्दी नहीं चलेगी। उन्होंने एसपी से इस मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.