GA4-314340326 सिल्ली : पुलिस ने दो होटलों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की, बंगाल की बीयर भी मिली

सिल्ली : पुलिस ने दो होटलों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की, बंगाल की बीयर भी मिली

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बरामद शराब और छापेमारी की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।

सिल्ली (रांची): राजधानी रांची के ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिल्ली थाना क्षेत्र के रामपुर चौक स्थित दो होटलों में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। यह शराब रामपुर स्थित बलराम साहू और प्रकाश साहू के होटलों में छिपाकर बेची जा रही थी।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि रामपुर चौक के पास बलराम साहू और प्रकाश साहू अपने होटलों में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसे बेच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए ग्रामीण एसपी के निर्देश पर डीएसपी सिल्ली के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई।

इन होटलों में हुई छापेमारी

पुलिस की टीम ने गुरुवार को 'विक्की-बन्टी मिष्ठान भंडार' (बलराम साहू का होटल) और 'सनाया स्वीट्स' (प्रकाश साहू का होटल) में छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों ही परिसरों से अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत जप्त कर लिया।

क्या-क्या हुआ बरामद

दोनों होटलों से अलग-अलग ब्रांड की सैकड़ों बोतलें बरामद की गई हैं। 

 बलराम साहू के होटल से : रॉयल स्टैग, मैकडेवेल्स, इंपीरियल ब्लू और किंगफिशर बीयर की बोतलें मिलीं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल निर्मित हेवर्ड्स 5000 बीयर भी बरामद हुई।

 प्रकाश साहू के होटल से : यहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब, वोदका और रम बरामद की गई। इनमें रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ओल्ड मंक, मैजिक मोमेंट्स वोदका और भारी संख्या में किंगफिशर व गॉडफादर बीयर शामिल है।

केस दर्ज, जांच जारी

सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि इस मामले में कांड संख्या 25/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274/275 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

छापामारी टीम में ये थे शामिल

इस सफल अभियान में थाना प्रभारी नवीन कुमार के साथ पुअनि मुकेश कुमार कुशवाहा, रामदेव कुमार यादव और सशस्त्र बल के जवान विद्या प्रसाद, मुकेश कुमार सिंह, महेश्वर महतो व मानसचन्द्र गगन शामिल थे।




Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم