GA4-314340326 सीसीएल के अस्पतालों ने पौने दो लाख से ज्यादा मरीजों को किया स्वस्थ

सीसीएल के अस्पतालों ने पौने दो लाख से ज्यादा मरीजों को किया स्वस्थ

सीसीएल के अस्पताल में महिला का इलाज करतीं डॉक्टर।
रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) अब सिर्फ कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कोयलांचल के लाखों लोगों के लिए 'संजीवनी' का केंद्र बन गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के आंकड़ों ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदना के मेल से सीसीएल की स्वास्थ्य सेवाएं जनविश्वास का सबसे मजबूत आधार बन गई हैं।

गांधीनगर : 1 लाख से अधिक मरीजों का भरोसा

सीसीएल के गांधीनगर केंद्रीय अस्पताल ने इस वर्ष रिकॉर्ड सेवा दी है। यहां 1,01,955 OPD और 3,435 IPD मरीजों का सफल इलाज किया गया। अस्पताल ने जटिलताओं के बावजूद 1,879 सर्जरी कर मरीजों को नया जीवन दिया। चिकित्सा सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए यहाँ ऑटोक्रेव, डिजिटल स्लिट लैंप, और अत्याधुनिक आरओ वॉटर प्लांट जैसे उपकरण लगाए गए हैं।

रामगढ़ अस्पताल: लेजर व रिप्लेसमेंट सर्जरी का केंद्र

रामगढ़ अस्पताल ने क्षेत्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बनाई है। यहाँ न केवल सामान्य इलाज, बल्कि हिप-नी रिप्लेसमेंट और लेजर सर्जरी जैसी जटिल प्रक्रियाएं भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं। अमृत फार्मेसी के जरिए छह क्षेत्रों में दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, 13 हजार से अधिक कर्मचारियों को 'HIMS' हेल्थ कार्ड जारी किए गए हैं।

ढोरी में 'ऑपरेशन ज्योति' से लौटा उजाला

केंद्रीय अस्पताल ढोरी (CHD) ने 64 हजार से अधिक OPD मरीजों का उपचार किया। विशेष रूप से 'ऑपरेशन ज्योति' के तहत 37 मरीजों की आंखों की सर्जरी कर उनके जीवन में रोशनी लौटाई गई। इसके अलावा, कंपनी ने 100 टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग कर उनके उपचार और रिकवरी का प्रभावी प्रबंधन किया।

सीएसआर : गांवों तक पहुंची चिकित्सा

सीसीएल ने अस्पतालों की चारदीवारी से बाहर निकलकर ग्रामीण क्षेत्रों और स्कूलों में 890 स्वास्थ्य शिविर लगाए, जिससे 1.50 लाख से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिला। रक्तदान के क्षेत्र में भी संस्थान अग्रणी रहा, जहां विभिन्न कैंपों के जरिए सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रहित कर जरूरतमंदों की जान बचाई गई। प्रबंधन का कहना है कि सीसीएल का लक्ष्य केवल औद्योगिक प्रगति नहीं, बल्कि एक स्वस्थ समाज का निर्माण है। हमारे अस्पताल आज कोयलांचल के लिए आशा के केंद्र बन चुके हैं।

मुख्य उपलब्धियां एक नजर में

 OPD मरीज : 1,66,000+ (गांधीनगर व ढोरी)

 CSR शिविर : 890 (1.50 लाख लाभार्थी)

 PME/IME : 8,000 से अधिक कर्मियों की जांच

 नई सुविधाएं : डिजिटल क्यू सिस्टम, योग कक्ष व सोलर प्लांट।






Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने