सिल्ली (रांची): पश्चिम बंगाल के झालदा की धरती पर बुधवार को एक नया राजनीतिक अध्याय शुरू हुआ। अस्पताल मोड़ पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के भव्य जिला कार्यालय का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का जोश और समर्थकों की भारी भीड़ यह बताने के लिए काफी थी कि जंगलमहल के इस इलाके में अब राजनीति की करवट बदल रही है।
कार्यालय का उद्घाटन करते राजू महतो व अन्य।
प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
समारोह में मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल पर्यवेक्षक राजू महतो उपस्थित रहे। उनके साथ जिला अध्यक्ष गोपाल महतो, जिला उपाध्यक्ष चीकू महतो, सजल महतो, मनोज महतो, गौर महतो, राहुल, सूरज और अबोध महतो सहित ब्लॉक स्तर के तमाम पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए जिला नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि यह कार्यालय केवल कागजी कार्यवाही के लिए नहीं, बल्कि आम जनता के न्याय और विकास की लड़ाई का मुख्य केंद्र बनेगा।
JLKM किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं है। यह गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के हक का मंच है। झालदा की जनता ने लंबे समय तक उपेक्षा झेली है, लेकिन अब और नहीं। जनता की हर समस्या के समाधान के लिए इस कार्यालय के दरवाजे 24 घंटे खुले रहेंगे।
जंगलमहल में बड़े आंदोलन की तैयारी
पार्टी पदाधिकारियों ने हुंकार भरते हुए कहा कि जंगलमहल की धरती पर अब बदलाव की हवा चलने लगी है। आने वाले दिनों में झालदा की इसी जमीन से एक बड़े जन-आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। "जनता का अधिकार, JLKM का संकल्प" और "जंगलमहल जाग रहा है" जैसे नारों से पूरा अस्पताल मोड़ गूंज उठा।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.