GA4-314340326 श्रावणी मेला 2026 : खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1060 किलो खोया व मिलावटी सामान किया नष्ट

श्रावणी मेला 2026 : खाद्य सुरक्षा विभाग ने 1060 किलो खोया व मिलावटी सामान किया नष्ट

Shravan Mela 2026: Food Safety Department destroyed 1060 kg of khoya and adulterated goods
देवघर श्रावणी मेले में एक फूड स्टॉल पर जांच करती टीम।
देवघर (#novbhaskar): राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों ने जिलेभर में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान मोहनपुर के प्रसिद्ध प्रतिष्ठान से भारी मात्रा में संदिग्ध खोया सील किया गया, वहीं कई होटलों व दुकानों में मिलावटी व एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

 ओम जी पेड़ा शॉप पर बड़ी कार्रवाई

अभियान के दौरान घोरमारा (मोहनपुर) स्थित ओम जी पेड़ा शॉप का औचक निरीक्षण किया गया। दुकान में पेड़ा बनाने के लिए लगभग 1,060 किलोग्राम खोया भारी मात्रा में भंडारित पाया गया। प्रारंभिक जांच में गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरी खेप को सील कर दिया गया। विभाग ने सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने तक इसका उपयोग या बिक्री नहीं की जा सकती।

 मिलावटी रंगों और एक्सपायरी सामान का भंडाफोड़

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के जरिए विभिन्न होटलों और ठिकानों पर खाद्य पदार्थों की ऑन-स्पॉट जांच की गई। रूफ टॉप रेस्टोरेंट में उपयोग हो रहे एक किलोग्राम हल्दी पाउडर में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग मेटानिल येलो (Metanil Yellow) की मिलावट पकड़ी गई। साथ ही एक किलोग्राम एक्सपायरी सूजी भी मिली, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। विक्रम चाट भंडार में लगभग 10 किलोग्राम चाट में खतरनाक मेटानिल येलो रंग पाया गया। बासुकी पकौड़ी चाट में लगभग 10 किलोग्राम घुघनी में भी मेटानिल येलो कलर की पुष्टि हुई। इसके अलावा करीब 5 किलोग्राम उपयोगापयोगी पकौड़ी को भी जनस्वास्थ्य के मद्देनजर नष्ट किया गया। वेदा इन -द विंटेज और होटल राज में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानक पूरी तरह संतोषजनक पाए गए।

अन्य प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच

अभियान के तहत मधुबन होटल, माधुरी होटल, सिंध होटल, होटल नीलकमल, कार्तिक फूड प्लाज़ा, कामधेनु होटल और अन्य खाद्य भंडारों की भी जांच की गई, जहां से नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना सर्वोपरि है। घटिया, मिलावटी या एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर आगे भी इसी तरह की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

उड़नदस्ता दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा, प्रकाश चन्द्र गुप्ता, शैलेश कुमार यादव, संजय कुमार, अंजली बिवा मिंज सहित सहायक प्रिंस कुमार चौधरी, यशोलोक प्रकाश, रोहित कुमार महतो और भारी संख्या में पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

أحدث أقدم