अनगड़ा (रांची) : अनगड़ा थाना क्षेत्र के सालहन पतरा के पास स्वर्णरेखा नदी से 16 अगस्त की सुबह बरामद अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय वैशाखी बेदिया के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ कि वैशाखी की हत्या उसके प्रेमी हीरालाल मुंडा (42) ने अपनी दूसरी पत्नी बिरसी देवी (34) के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस (मोबाइल टावर लोकेशन) के आधार पर दोनों आरोपियों को कोकर स्थित हैदर अली गली से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी बिरसी देव और मृतका वैशाखी बेदिया (फाइल फोटो)
अवैध संबंध और संपत्ति के डर से रची साजिश
मूल रूप से सिकिदिरी निवासी हीरालाल राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि बिरसी और वैशाखी रेजा (मजदूर) थीं। करीब तीन साल पहले वैशाखी, हीरालाल के पड़ोस में किराए पर रहने आई, जहां दोनों के बीच प्रेम-संबंध बन गया। 10 साल से साथ रह रही बिरसी से हीरालाल का कोई बच्चा नहीं था, जबकि वैशाखी चार माह की गर्भवती थी। बिरसी को डर था कि बच्चा होने के बाद हीरालाल उसे छोड़ देगा और संपत्ति में हिस्सा बंट जाएगा। इसी आशंका के चलते बिरसी ने पति को राजी कर हत्या की योजना बनाई।
दुपट्टे से घोंटा गला
12 अगस्त की शाम करीब सात बजे हीरालाल अपनी प्रेमिका वैशाखी और पत्नी बिरसी के साथ ऑटो से घूमने के बहाने सालहन पतरा पहुंचा। वहां बातचीत के दौरान दोनों ने वैशाखी के ही दुपट्टे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नदी में फेंककर फरार हो गए। मामले में अनगड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.