GA4-314340326 सिल्ली में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, एक की मौत; जेएलकेएम के प्रखंड उपाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल

सिल्ली में दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, एक की मौत; जेएलकेएम के प्रखंड उपाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल

 आज ही था घायल प्रखंड उपाध्यक्ष का लगन, 19 जून को है शादी; रिम्स रेफर

Two bikes collide head-on in Silli, one dead; JLKM block vice-president seriously injured
मृतक विरेन महतो का फाइल फोटो।
सिल्ली (रांची) : सिल्ली-बंता सड़क मार्ग पर लोवादाग के समीप बुधवार दिन के करीब 11:30 बजे दो बाइकों के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के सिल्ली प्रखंड उपाध्यक्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक अन्य युवक को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया है।

शादी की खुशियां चिंता में बदलीं, आज था लगन

घायल जेएलकेएम नेता सुखदेव महतो के घर में इन दिनों शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, जो इस हादसे के बाद अचानक चिंता में बदल गईं। बुधवार को ही सुखदेव महतो के विवाह का लगन (तिलक) था, जिसके लिए परिजनों को डिमरा उलादगा जाना था। 19 जून को उनकी शादी है। इस हादसे के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।

प्रखंड उपाध्यक्ष रिम्स रेफर, एक की मौके पर मौत

हादसे के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिल्ली प्रखंड के लोदमू निवासी विरेन महतो (40 वर्ष, पिता- मंगल महतो) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विरेन महतो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, लोवादाग निवासी जेएलकेएम के प्रखंड उपाध्यक्ष सुखदेव महतो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। डॉक्टरों के मुताबिक, उनका दाहिना जांघ टूट गया है। उन्हें स्थानीय सामुदायिक अस्पताल सिल्ली में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आनन-फानन में रिम्स रेफर किया गया है।

एक अन्य युवक को आई मामूली चोटें

दुर्घटना की शिकार दूसरी बाइक पर सवार तुलिन वनडीह निवासी नीतीश कुमार महतो को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मुरी स्थित सिंगपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने