
गिरिडीह शहर फ्लैग का नेतृत्व करते डीसी और एसपी।
गिरिडीह/डुमरी : ईद-उल-जुहा (बकरीद) को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए मंगलवार को गिरिडीह शहर से लेकर डुमरी तक प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल ने सड़कों पर उतरकर फ्लैग मार्च किया। प्रशासन का साफ संदेश है कि त्योहार में खलल डालने वाले और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले उपद्रवियों से बेहद सख्ती से निपटा जाएगा।
डीसी-एसपी के नेतृत्व में निकला मार्च
गिरिडीह के शहरी क्षेत्रों में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच सुरक्षा का भाव पैदा करना और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना था।
प्रशासनिक तैयारी पूरी, अफवाहबाजों की खैर नहीं
नैतिक जिम्मेदारी समझें नागरिक : उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति हो चुकी है। उन्होंने अपील की कि बेहतर समन्वय और आपसी सद्भाव के साथ शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
सामूहिक भागीदारी से कायम रहेगी शांति : एसपी डॉ. बिमल कुमार ने जिलावासियों के हमेशा मिलने वाले सहयोग की सराहना की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तत्पर है। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक व अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त-से-सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, टाउन थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी, पचंबा थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे।
![]() |
| डुमरी में एसडीपीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च करती पुलिस। |
डुमरी में एसडीपीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
उधर, डुमरी और निमियाघाट थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में भी बकरीद को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में पुलिस बल ने मुख्य बाजारों, मस्जिदों, ईदगाहों और प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मार्च में मुख्य रूप से इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार और निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार समेत दोनों थानों के जवान मुस्तैदी के साथ शामिल रहे। पुलिस ने आम जनता से त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर है। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भाव जगाना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। सभी जरूरी स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। -आबिद खान, एसडीपीओ, डुमरी

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.