![]() |
| शिलान्यास के दौरान जनता को समझाते अमित महतो। |
विधायक ने हर बार की तरह यहां भी राजनीति में संवेदनशीलता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की अपनी परंपरा को कायम रखी। आमतौर पर नेता शिलान्यास और लोकार्पण की पट्टिकाओं पर अपनी नाम चमकाने और खुद शिलान्यास करने की होड़ में रहते हैं, लेकिन अमित महतो गांव की बुजुर्ग महिलाओं को आगे कर उन्हें सम्मान देते हैं।
बुजुर्ग महिलाओं के हाथों हुआ शिलान्यास
चातमबाड़ी : यहां वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की 'कैम्पा योजना' के तहत बनने वाले वॉच टावर की आधारशिला गांव की बुजुर्ग महिला सुमित्रा देवी ने रखी।
गाड़गांव : यहां चेकडेम निर्माण कार्य का शुभारंभ गांव की बुजुर्ग महिला कलावती देवी के हाथों संपन्न हुआ।
हाथियों से सुरक्षा और जल संचय पर जोर
विधायक ने बताया कि वॉच टावर का मुख्य उद्देश्य हाथियों के झुंड और अन्य वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखना है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके। वहीं, चेकडेम के निर्माण से वन क्षेत्र में हरियाली बनी रहेगी और जंगली जानवरों को पीने का पानी सुलभ होगा।
छलका दर्द : सड़क नहीं तो शादी नहीं
कार्यक्रम के दौरान वरुणाटांड़ के ग्रामीणों ने विधायक को अपनी बदहाली की कहानी सुनाई। गांव के युवाओं ने एक बेहद गंभीर और भावनात्मक समस्या रखते हुए कहा कि सड़क नहीं होने के कारण लोग अपनी बेटियों की शादी हमारे गांव में नहीं करना चाहते। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में गांव एक टापू बन जाता है। अगर कोई बीमार पड़ जाए, तो उसे खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। विधायक अमित महतो ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ग्रामीणों के साथ गांव का पैदल दौरा किया और भरोसा दिलाया कि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस अवसर पर झामुमो नेता रोहित महतो, वनमाली महतो, संजय महतो, राजकुमार महतो, प्रकाश कोईरी, प्रभारी वनपाल जय प्रकाश साहू, वनरक्षी गौतम बॉस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.