सोशल मीडिया की 24 घंटे निगरानी, संवेदनशील इलाकों में तैनात होंगे मजिस्ट्रेट
![]() |
| अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग करते डीसी व एसपी। |
अमित सहाय / गिरिडीह: होली के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीओ और थाना प्रभारियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि त्योहार के दौरान खलल डालने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
ट्रैफिक प्लान और साफ-सफाई पर जोर
उपायुक्त ने नगर निकायों को निर्देश दिया कि बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करें। साथ ही साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अग्निशमन विभाग को भी 'अलर्ट मोड' पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एक्शन लिया जा सके।
सोशल मीडिया पर 'तीसरी आंख' का पहरा
अफवाहों को रोकने के लिए प्रशासन सख्त है। डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष (Control Room) को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, गिरिडीह के सभी एसडीओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
स्वास्थ्य और बिजली विभाग अलर्ट
अस्पताल : डॉक्टरों की उपलब्धता और दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश। एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट पर रहेंगी।
बिजली : त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक करने के आदेश।
SP की चेतावनी : शराब और हुड़दंग पर छापेमारी, होगा फ्लैग मार्च ।
सघन छापेमारी : अवैध शराब की बिक्री और हुड़दंगियों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलेगा।
DJ पर पाबंदी : डीजे और लाउडस्पीकर के लिए तय मानकों का पालन अनिवार्य है। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।
होली रंगों और भाईचारे का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
-रामनिवास यादव, उपायुक्त

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.