GA4-314340326 भदरभंगा में पहली बार विराजे भगवान गणेश: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया पंडाल का उद्घाटन

भदरभंगा में पहली बार विराजे भगवान गणेश: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने किया पंडाल का उद्घाटन

angara(ranchi)  सिकिदिरी क्षेत्र के भदरभंगा में इस वर्ष गणेश महोत्सव का अभूतपूर्व आगाज हुआ है। क्षेत्र में पहली बार आयोजित हो रहे सार्वजनिक भगवान गणेशोत्सव को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सोमवार को भव्य गणेश पूजा पंडाल का उद्घाटन मुख्य अतिथि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा विशिष्ट अतिथि, भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जैलेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने विघ्नहर्ता भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा पंडाल परिसर 'गणपति बप्पा मोरया' के जयकारों से गूंज उठा। पूजा समिति की ओर से सभी अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का भी वितरण हुआ। इससे पूर्व बैंक मोड़ सिकिदिरी में भाजपा गेतलसूद मंडल के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। 

"गणेश चतुर्थी का विस्तार ही सनातन की अटूट ताकत है" — आदित्य साहू

इस मौके पर मुख्य अतिथि आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि भगवान गणेश की कृपा से आज देश के कोने-कोने में और ग्रामीण इलाकों में भी गणेश चतुर्थी का पर्व भव्य रूप से मनाया जा रहा है। कहा कि "आज भदरभंगा जैसे सुदूर ग्रामीण इलाके में पहली बार इतने भव्य स्तर पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित होना यह साबित करता है कि हमारी संस्कृति की जड़ें समाज में कितनी गहरी हैं। यही सनातन का वास्तविक स्वरूप है जो हमें जोड़ता है।" 

"युवाओं की भागीदारी से गांवों में जागृत हो रही है धार्मिक चेतना" — जैलेन्द्र कुमार

विशिष्ट अतिथि जैलेन्द्र कुमार ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते है। उन्होंने कहा, "गांव के युवाओं ने पहली बार इस ऐतिहासिक गणेश पूजा का बीड़ा उठाकर एक मिसाल पेश की है। धार्मिक आयोजनों से आपसी भाईचारा बढ़ता है और नई पीढ़ी को संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।" 

आयोजन समिति के अध्यक्ष बने बलराम साहू

आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित गणेश पूजा समिति का अध्यक्ष: बलराम साहू, सचिव: रोहित साहू, कोषाध्यक्ष: अनीश साहू, उपाध्यक्ष: अनुज साहू को बनाया गया। इस अवसर पर अमरनाथ चौधरी, सत्यदेव मुंडा, ब्रज किशोर प्रसाद, वीरेंद्र साहू, बुधराम बेदिया, सोहराय बेदिया, सुजीत कुमार, नंदलाल राम, सुरेश महतो, शिवधर रजवार, राजेश पाहन, पंचम भोगता, रामधन साहू, सुनील महतो, सत्यपाल राउत, अशेश्वर गुप्ता, संजय सिंह उर्फ गुड्डू, और रमन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने