रांची (#novbhaskar): 80वें स्वतंत्रता दिवस 2026 के शुभ अवसर पर 15 अगस्त को राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम को भव्य, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मोरहाबादी मैदान में चल रहा फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार को संपन्न हो गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की अगुवाई में आयोजित इस रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का सटीक अनुकरण किया गया। राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान से संबंधित निर्देशों का अनुपालन किया गया। रिहर्सल के दौरान उपायुक्त व एसएसपी ने परेड की सलामी ली। वरीय अधिकारियों ने परेड की सभी पार्टियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मोरहाबादी मैदान में अधिकारियों को ब्रीफ करते उपायुक्त।
IPS राघवेन्द्र शर्मा संभालेंगे परेड की कमान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में फर्स्ट इन कमांड के रूप में रामगढ़ जिले में पदस्थापित 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा होंगे। वहीं, सेकंड इन कमांड परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर संभालेंगे।
परेड में शामिल होंगी ये 14 प्रमुख प्लाटून
राजकीय समारोह की परेड में विभिन्न सुरक्षा बलों और संगठनों की 14 प्लाटून हिस्सा लेंगी। इनमें सीआरपीएफ -1 प्लाटून, आईटीबीपी -1, एसएसबी - 1, सीआईएसएफ -1, उड़ीसा पुलिस -1, झारखंड जगुआर -1, जैप-1 व 1 प्लाटून बैंड पार्टी, जैप-2 -1 प्लाटून, जैप-10 -1 प्लाटून एवं 1 प्लाटून बैंड पार्टी, रांची जिला पुलिस (पुरुष) -1 प्लाटून, रांची जिला पुलिस (महिला) -1 प्लाटून, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी -1 प्लाटून व 1 प्लाटून बैंड पार्टी, एनसीसी (गर्ल्स) -1 प्लाटून व एनसीसी (ब्वॉयज) -1 प्लाटून शामिल हैं।
अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग, सौंपे गए दायित्व
समारोह की सुरक्षा एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। उपायुक्त, एसएसपी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह व अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों को संयुक्तादेश के मुख्य बिंदुओं को विस्तार से समझाते हुए समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचने और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन की उड़ान पर रोक
संयुक्त ब्रीफिंग में स्पष्ट किया गया कि सुरक्षा दृष्टिकोण से समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन से वीडियोग्राफी / फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन के माध्यम से ही वीडियोग्राफी अथवा फोटोग्राफी की जा सकेगी।
अधिकारी अतिथियों के आवागमन का रखें ध्यान: उपायुक्त
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारी अपने कार्य, दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखें। उन्होंने कहा कि अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने स्थानों पर तैनात हो जाएं। साथ ही वीवीआईपी, मुख्य अतिथियों और विशिष्ट अतिथियों के सुरक्षित व व्यवस्थित आगमन-निर्गमन का समयबद्ध प्रबंधन सुनिश्चित करें।
सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं, गहन जांच के निर्देश: एसएसपी
समारोह की अभेद्य सुरक्षा पर जोर देते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि परिसर में प्रवेश करने वाले हर आगंतुक की मानकों के अनुसार गहन जांच की जाए। कोई भी अवांछित तत्व या आपत्तिजनक सामग्री मैदान के अंदर न जाने पाए। उन्होंने सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क और सजग रहकर काम करने के निर्देश दिए।
सुगम यातायात और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम: ट्रैफिक एसपी
यातायात व्यवस्था पर बात करते हुए ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि समारोह के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य और राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.