#novbhaskar, चतरा : आजसू पार्टी की जिला इकाई की ओर से सोमवार को डीएमएफटी प्रशिक्षण भवन में बीएलए-2 सह कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार अब शिष्टाचार बन चुका है और सरकार योजनाओं के नाम पर जनता को छल रही है।
कार्यक्रम में सुदेश महतो सहित उपस्थित अन्य नेता।
हर कुर्सी की कीमत की गई है तय
सुदेश ने कहा कि राज्य में अधिकारियों का शासन चल रहा है। सांसद और विधायकों की भूमिका कमजोर हो गई है, हर कुर्सी की कीमत तय कर दी गई है।
सात वर्षों में विकास और रोजगार के नाम पर केवल वादे किए गए। चुनाव से पहले सभी महिलाओं को योजनाओं का लाभ देने की बात कही गई, लेकिन बाद में पात्रता के नाम पर उन्हें बाहर कर दिया गया। डीएमएफटी की राशि का दुरुपयोग, राशन कार्ड से नाम, मइयां सम्मान योजना की कमियां और बढ़ते अपराधों के मुद्दे उठाते हुए सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया गया।
चतरा को बना दिया है चारागाह: महतो
मांडू विधायक तिवारी महतो ने कहा कि चतरा को नेताओं ने चारागाह बना दिया है। मगध-आम्रपाली परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और कोयला परिवहन में मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर जनता तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का निर्देश दिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवलाल दांगी एवं संचालन हीरा निषाद ने किया। इस दौरान केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, उमेश भोगता, केंद्रीय सचिव पारसनाथ सिंह, सिद्धार्थ सिंह, हेमलाल महतो और परमेश्वर महतो ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.