GA4-314340326 गिरिडीह: पत्थर खदान के विवाद में अपनों ने बहाया खून, भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदा, मौत

गिरिडीह: पत्थर खदान के विवाद में अपनों ने बहाया खून, भतीजे ने चाचा को चाकू से गोदा, मौत

घटना के बाद शोकाकुल परिजन।
गिरिडीह : जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरीडीह गांव में पत्थर खदान के वर्चस्व को लेकर रिश्तों का कत्ल कर दिया गया। बुधवार की देर रात एक भतीजे ने अपने ही 55 वर्षीय चाचा रफीक अंसारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

 साजिश के तहत घर बुलाकर मारी चाकू

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रफीक अंसारी का अपने ही परिजनों जियाउल अंसारी और अयूब अंसारी के साथ पत्थर खदान के संचालन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात गांव के ही सुफेद अंसारी ने सुलह या बातचीत के बहाने रफीक को अपने घर बुलाया। वहां बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि जियाउल और अयूब ने तैश में आकर रफीक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रफीक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

 पुलिस की छापेमारी, आरोपी फरार

घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी जियाउल अंसारी, अयूब अंसारी और उसका बेटा मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही धनवार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

परिजनों का हंगामा

हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने