GA4-314340326 अब झारखंड के विकास में शोध करेंगे इंटरनेशनल स्कॉलर्स

अब झारखंड के विकास में शोध करेंगे इंटरनेशनल स्कॉलर्स

 * लंदन से रांची तक विकास की नई 'पॉलिसी' पर मंथन
* सीएम ने ऑक्सफोर्ड में बताया कैसे बदल रहा झारखंड 
* इंदिरा गांधी और मार्गरेट थैचर के कॉलेज सोमरविल में हुआ भव्य स्वागत

सोमरमिल कालेज में विद्यार्थियों के साथ सीएम हेमंत सोरेन।
रांची/लंदन: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों यूनाइटेड किंगडम (UK) के शैक्षणिक दौरे पर हैं। सेंट जॉन्स और ऑल सोल्स कॉलेज के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक सोमरविल कॉलेज पहुंचे। यह वही कॉलेज है जहां भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और ब्रिटेन की पहली महिला प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर ने शिक्षा ली थी।

कॉलेज की प्रिंसिपल और पूर्व ब्रिटिश राजनयिक कैथरीन रॉयल ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ऑक्सफोर्ड के रिसर्चर्स और छात्रों ने झारखंड सरकार के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई। विशेष रूप से क्लाइमेट चेंज, एनवायरमेंटल पॉलिसी और सतत विकास जैसे गंभीर विषयों पर झारखंड सरकार और ऑक्सफोर्ड के बीच एक मजबूत पार्टनरशिप की नींव पड़ती नजर आई।

झारखंड के 'वॉटर मैनेजमेंट' पर ऑक्सफोर्ड में रिसर्च

इस कार्यक्रम में एक खास गौरव का क्षण तब आया जब झारखंड के अधिकारी रवि शंकर शुक्ला वहां मौजूद रहे। रवि फिलहाल ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट में स्कॉलर हैं और 'शहरी जल नीति' (Urban Water Policy) पर शोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि झारखंड के अनुभवों को वैश्विक मंच मिलना गर्व की बात है।

'CM साहब! हमें सिखाएं पॉलिसी मेकिंग'

अनौपचारिक बातचीत के दौरान ऑक्सफोर्ड के छात्रों और शोधकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काम करने के तरीके और सार्वजनिक नीतियों में गहरी रुचि दिखाई। छात्रों ने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया कि वे एक विशेष वर्कशॉप के जरिए उन्हें झारखंड में शासन, नीति निर्माण और जमीनी स्तर पर उनके क्रियान्वयन के अनुभवों के बारे में विस्तार से बताएं।

सोमरविल कॉलेज: जहां से निकलीं दुनिया की ताकतवर महिलाएं

 * स्थापना: 1879 में हुई, यह महिलाओं को प्रवेश देने वाले ऑक्सफोर्ड के पहले कॉलेजों में से एक था।

 * दिग्गज एलुमनाई: मार्गरेट थैचर (पूर्व PM, UK), इंदिरा गांधी (पूर्व PM, भारत) और कॉर्नेलिया सोराबजी (भारत की पहली महिला वकील)।

 * भारत कनेक्शन: यहां 2013 में 'ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट' की स्थापना हुई थी, जहां वर्तमान में 40 से ज्यादा भारतीय विद्वान शोध कर रहे हैं।

इन चार अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

 * क्लाइमेट एक्शन: झारखंड में पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते तापमान की चुनौतियों पर शोध।

 * समान शिक्षा: राज्य के वंचित वर्ग और आदिवासियों तक उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाना।

 * सतत विकास: प्राकृतिक संसाधनों का दोहन रो़ककर विकास को नई दिशा देना।

 * पब्लिक पॉलिसी: सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स की मदद।

झारखंड की प्राथमिकताओं और ऑक्सफोर्ड के शोध के बीच एक स्पष्ट तालमेल है। हमारे छात्र और सरकार मिलकर राज्य के लिए बेहतर भविष्य की रूपरेखा तैयार करेंगे। - प्रो. राधिका खोसला, रिसर्च डायरेक्टर, ऑक्सफोर्ड इंडिया सेंटर

यह भी पढ़ें : लंदन में सीएम प्रवासी भारतीयों संग...

Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने