पूर्व सीएम ने कहा- केंद्र से फंड की मांग राजनीतिक स्टंट
![]() |
| गिरिडीह परिसदन में पार्टी नेताओं के साथ बात करते अर्जुन मुंडा। |
गिरिडीह (झारखंड): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के देवघर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शुक्रवार को गिरिडीह परिसदन में रुके। यहां उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सरकार और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बात करते हुए अर्जुन मुंडा ने हेमंत सरकार द्वारा केंद्र से फंड की मांग किए जाने को महज़ "एक राजनीतिक स्टंट" बताया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को यह साबित करने की आवश्यकता है कि उन्हें फंड किस आधार पर दिया जाना चाहिए। मुंडा ने खनिज की रॉयल्टी के बकाए पर सवाल उठाते हुए अन्य राज्यों का हवाला दिया, जहाँ से रॉयल्टी केंद्र को जाती है, लेकिन वे फंड की मांग नहीं करते। उन्होंने हेमंत सरकार को प्रबंधन के नजरिये से पूरी तरह विफल बताया, कहा कि सरकार योजनाओं को धरातल पर नहीं उतार पा रही है और न ही नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करती है।
उन्होंने झारखंड में भाजपा और झामुमो गठबंधन की सरकार बनने की चर्चाओं को पूरी तरह से खारिज कर दिया। मुंडा ने स्पष्ट किया कि यह चर्चा केवल मीडिया तक सीमित है और जमीन स्तर पर ऐसी कोई बात नहीं है।
नेताओं ने किया स्वागत
गिरिडीह परिसदन भवन में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का स्वागत करने वालों में भाजपा के जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, नेत्री पूनम प्रकाश, जिप अध्यक्ष मुनिया देवी, मुकेश जालान, सुबोध प्रकाश, प्रकाश सेठ, विनय सिंह, संजीत सिंह पप्पू, और महिला जिलाध्यक्ष संगीता सेठ शामिल थीं। इन सभी नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर अर्जुन मुंडा का स्वागत किया।

एक टिप्पणी भेजें
please do not enter any spam link in the comment box.