GA4-314340326 चुनावी घमासान: गिरिडीह के रण में 'विभाजन' बनाम 'वजूद' की जंग, बीजेपी और झामुमो में तीखा वार-पलटवार

चुनावी घमासान: गिरिडीह के रण में 'विभाजन' बनाम 'वजूद' की जंग, बीजेपी और झामुमो में तीखा वार-पलटवार

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते डॉ रविंद्र राय, पूर्व मंत्री राज पलिवार व अन्य।
अमित सहाय/गिरिडीह : नगर निगम चुनाव-2026 की तारीखें नजदीक आते ही गिरिडीह का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। शहर के विकास के दावों के बीच अब 'जाति और धर्म' की राजनीति हावी होने लगी है। गुरुवार को जहां भाजपा के दिग्गजों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर हिंदू समाज को बांटने का संगीन आरोप लगाया, वहीं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पलटवार करते हुए भाजपा को ही 'विभाजन की राजनीति का उस्ताद' करार दिया।

भाजपा का वार: राज्य सरकार के पास विजन नहीं, इस कारण कर रही समाज तोड़ने की साजिश

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय और पूर्व मंत्री राज पलिवार ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोलते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव गली-मोहल्ले के विकास और स्थानीय मुद्दों पर होने चाहिए।

 * हिंदू समाज को बांटने का आरोप: डॉ. राय ने कहा कि मंत्री सुदिव्य सोनू स्थानीय मुद्दों के बजाय सवर्ण और हिंदू समाज को विभाजित करने की साजिश रच रहे हैं।

 * मुद्दों का भटकाव: भाजपा नेताओं का आरोप है कि जो मामले सुप्रीम कोर्ट में हैं या केंद्र के अधीन हैं (जैसे UGC मुद्दा), उन्हें जानबूझकर निकाय चुनाव में घसीटा जा रहा है ताकि सरकार अपनी विफलताएं छिपा सके।

 * अपील: सवर्ण और हिंदू समाज एकजुट होकर विकास के नाम पर वोट दें।

सभा में भाजपा पर आरोप लगाते मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू।

झामुमो का पलटवार : धर्म के बाद अब जाति में बांट रही बीजेपी, टिकट वितरण में भी अमीरी-गरीबी

माथाडीह फुटबॉल मैदान में भाजपा पर पलटवार करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बिना नाम लिए पार्टी को कटघरे में खड़ा किया।

 * आईना दिखाया: मंत्री सोनू ने कहा कि जो पार्टी खुद धर्म के नाम पर देश को बांटती आई है, वह आज हम पर आरोप लगा रही है। बंटवारे की राजनीति अब अपने आखिरी दौर में है।

 * अमीर-गरीब का खेल: उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव में 'गरीब दलित' के बजाय 'अमीर दलित' को तवज्जो दी है। यदि वे समाज को नहीं बांटते, तो टिकट में अमीरी-गरीबी का पैमाना क्यों आया?

 * मेयर प्रत्याशी पर दांव: मंत्री ने प्रमिला मेहरा को 'गिरिडीह की बेटी और बहू' बताते हुए उन्हें वोट देकर जिताने की अपील की।

नागेश्वर दास की 'घर वापसी' से झामुमो उत्साहित

प्रेस कॉन्फ्रेंस और सभाओं के बीच सियाएझंझंसी हलचल तब और बढ़ गई जब नागेश्वर दास ने भाजपा छोड़कर दोबारा झामुमो का दामन थाम लिया। झामुमो इसे अपनी बढ़ती ताकत और भाजपा की 'टूट' के रूप में देख रही है। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रमिला मेहरा का सामाजिक अनुभव पार्टी की जीत सुनिश्चित करेगा।

क्लिक करें : झारखंड की राजनीतिक खबरों को पढ़ने के लिए हमारे वाट्सएप चैनल से जुड़ें


Post a Comment

please do not enter any spam link in the comment box.

और नया पुराने